देशभर के लाखों केंद्रीय कर्मचारी और पेंशनभोगी इन दिनों 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) से जुड़ी खबरों पर नजर बनाए हुए हैं। 31 दिसंबर 2025 को सातवें वेतन आयोग की अवधि पूरी हो चुकी है। हालांकि खबरें यह भी हैं कि 8वें वेतन आयोग को पूरी तरह लागू होने में 1 से 1.5 साल का समय लग सकता है, लेकिन इसे 1 जनवरी 2026 से प्रभावी माना जाएगा। ऐसे में कर्मचारियों को बढ़ी हुई सैलरी का एरियर भी मिल सकता है।
पहले डीए का इंतजार
8वें वेतन आयोग के दौर में अब पहले महंगाई भत्ते (DA) का समय आ चुका है। कर्मचारी और पेंशनभोगी जनवरी 2026 की छमाही के डीए और महंगाई राहत (DR) के ऐलान का इंतजार कर रहे हैं।
होली से पहले होता है ऐलान
आमतौर पर सरकार होली से पहले डीए बढ़ोतरी का ऐलान कर देती है। लेकिन इस बार होली बीतने के कई दिन बाद भी सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, जिससे कर्मचारियों में उत्सुकता बनी हुई है।
साल में दो बार बढ़ता है डीए
केंद्र सरकार साल में दो बार महंगाई भत्ते में संशोधन करती है—
-
पहला जनवरी छमाही के लिए
-
दूसरा जुलाई छमाही के लिए
हालांकि घोषणा किस महीने में होगी, यह तय नहीं होता, लेकिन आमतौर पर किसी बड़े त्योहार से पहले इसकी घोषणा की जाती है।
प्राइस इंडेक्स से तय होता है डीए
महंगाई भत्ते की गणना ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (AICPI-IW) के 12 महीने के औसत के आधार पर की जाती है। जनवरी 2026 तक यह इंडेक्स करीब 148.6 अंक तक पहुंच चुका है।
2% बढ़ोतरी की संभावना
रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बार डीए में लगभग 2% की बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल डीए की दर 58% है, जिसे बढ़ाकर 60% किया जा सकता है। हालांकि अंतिम फैसला और सही आंकड़ा सरकार के आधिकारिक ऐलान के बाद ही स्पष्ट होगा।


Comments
Post a Comment